
महाराष्ट्र के लिए अजित पवार का निधनअपूरणीय क्षति : Amit Shah
Ajit Pawar's death is an irreparable loss for Maharashtra: Amit Shah.
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुणे में अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में अमित शाह ने उनके असामयिक निधन को महाराष्ट्र के लिए कभी न भर पाने वाली क्षति बताया। अमित शाह ने कहा कि अजित पवार का अचानक इस दुनिया से चले जाना महाराष्ट्र के साथ-साथ विशेष रूप से पुणे, बारामती और पिंपरी-चिंचवड़ के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्होंने कहा कि अजित पवार केवल उनके करीबी मित्र ही नहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक सहयोगी भी थे। आज भी उन्हें विश्वास नहीं होता कि दादा अब उनके बीच नहीं हैं।
अमित शाह ने अजित पवार के व्यक्तित्व, कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव को याद करते हुए कहा कि वे अपने काम के प्रति बेहद समर्पित थे। उनके पास विकास की स्पष्ट सोच, दूरदृष्टि और प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव था। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने पंचायती राज, सहकारिता, कृषि और आधुनिक शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, समयबद्धता, बेहतर नियोजन और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई देती थी।
अमित शाह ने विश्वास जताया कि अजित पवार की कार्य-संस्कृति और विकास का दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों के युवा राजनीतिक नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



