AIIMS ऋषिकेश पहुंचे CM धामी, हादसे में घायल यात्रियों से की मुलाकात
CM Dhami reached AIIMS Rishikesh and met with passengers injured in the accident.

उत्तराखंड; उत्तराखंड के टिहरी जिले की गुलर घाटी में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक घायल को आवश्यकता के अनुसार समुचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल और आरटीओ, देहरादून को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत पात्र पीड़ितों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत एवं उपचार संबंधी सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से हादसे के पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।



