Tehri Lake में पुलिस वाटर स्पोर्ट्स का आगाज
Police Water Sports Kick Off at Tehri Lake

उत्तराखंड/प्रतिनिधि : उत्तराखंड की प्रसिद्ध टिहरी झील में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता आज से शुरू हो गई है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के तत्वावधान में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 12 अप्रैल तक चलेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता भी विकसित करते हैं।
इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 पुलिस टीमों के 440 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें कैनोइंग, रोइंग और कायकिंग सहित कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। राज्य पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टिहरी झील में हो रहा यह आयोजन खेलों के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।



