
Navi Mumbai: प्रदूषण रोकने के लिए NMMC का बड़ा फैसला
Navi Mumbai: NMMC Takes Major Decision to Curb Pollution
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने एक अहम कदम उठाया है। गुरुवार को हुई जनरल मीटिंग में निगम ने सर्वसम्मति से 18 महीने के एक व्यापक एक्शन प्लान को मंजूरी दी। इस योजना के तहत 30 करोड़ रुपये की ‘सघनाकृति’ स्कीम लागू की जाएगी, जिसका उद्देश्य PM 10 और PM 2.5 जैसे सूक्ष्म कणों को कम कर शहर की एयर क्वालिटी में सुधार लाना है।
मीटिंग में यह माना गया कि तेजी से हो रहे शहरीकरण, बड़े पैमाने पर कंस्ट्रक्शन कार्य, वाहनों की बढ़ती संख्या और सड़कों पर जमा धूल प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। मेयर सुजाता पाटिल ने कहा कि यह योजना नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है और निगम प्रदूषण के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सभागृह नेता सागर नाइक ने इस प्रोजेक्ट को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे नवी मुंबई को इको-फ्रेंडली और मॉडल सिटी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुंबई, ठाणे, पनवेल महानगरपालिका और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ संयुक्त कमेटी बनाने की भी अपील की।
एडिशनल कमिश्नर सुनील पवार के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले डेवलपर्स और RMC प्लांट्स पर अब तक करोड़ों रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, कंस्ट्रक्शन साइट्स पर AQI मॉनिटरिंग, वैक्यूम स्वीपिंग और सख्त SOP लागू किए गए हैं। इस योजना के तहत 8 नोड्स पर सेंसर और अत्यधिक प्रदूषित सड़कों पर 12 बड़े AQI सेंसर लगाए जाएंगे, जिससे प्रदूषण पर प्रभावी निगरानी संभव होगी।



