
Navi Mumbai: MSEDCL अधिकारियों पर केस दर्ज करने की डिप्टी मेयर मांग
Navi Mumbai: Deputy Mayor Demands Filing of Cases Against MSEDCL Officials
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई में मनपा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर डिप्टी मेयर दशरथ भगत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने Maharashtra State Electricity Distribution Company Limited (MSEDCL) के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
दशरथ भगत ने मनपा आयुक्त को सौंपे शिकायत पत्र
दशरथ भगत ने गुरुवार को मनपा आयुक्त को विस्तृत लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि वाशी और सानपाड़ा क्षेत्रों में बिना अनुमति खुदाई कर सड़कों, फुटपाथों और अन्य नगर निगम संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शिकायत के अनुसार वार्ड नंबर 18 के अंतर्गत वाशी सेक्टर 30, 31, 31A तथा सानपाड़ा सेक्टर 1 और 13 से 20 तक बार-बार अवैध खुदाई की जा रही है, जिससे शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
अपर्याप्त समन्वय और सही नक्शों की कमी
उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से विकास कार्यों की गति धीमी हो रही है और परियोजनाओं की गुणवत्ता व सौंदर्य पर भी असर पड़ रहा है। साथ ही, अपर्याप्त समन्वय और सही नक्शों की कमी के कारण अंडरग्राउंड केबल भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे बार-बार मरम्मत करनी पड़ रही है और नगर निगम को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज की जाए-डिप्टी मेयर दशरथ भगत
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गलत खुदाई से धूल और प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली आपूर्ति और औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। डिप्टी मेयर ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जाए, नुकसान की भरपाई कराई जाए और क्षतिग्रस्त संपत्ति को तुरंत दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।



