
Dindori Tragedy: कुएं में गिरी कार, 9 की मौत
Dindori Tragedy: Car Plunges into Well; 9 Dead
नाशिक/प्रतिनिधि : महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। तेज़ रफ्तार कार सड़क किनारे बने पानी से भरे कुएं में गिर गई, जिससे एक ही परिवार के 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दरगोड़े परिवार के सदस्य एक प्राइवेट क्लास की मीटिंग से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतकों में माता-पिता समेत 6 बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में कुएं के मालिक राजेंद्र राजे के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, प्राइवेट क्लास के ड्राइवर और डायरेक्टर सचिन वाडजे से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नरहरि जिरवाल और गिरीश महाजन ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि सड़क के बीच कुआं होना बेहद गंभीर लापरवाही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही, संबंधित कुएं को तत्काल सील करने और पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।



