
Panvel: पत्रकारों संग वाकडिकर की खास बातचीत
Panvel: Wakadikar’s Special Interaction with Journalists
पनवेल/ सान्वी देशपांडे : पनवेल तालुका पत्रकार विकास मंच द्वारा रविवार, 29 मार्च को रायगढ़ जिला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंगेश वाकडिकर के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंच के सभी सदस्यों ने उनका अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मंगेश वाकडिकर ने अपने कार्य करने के तरीके और भविष्य के विजन को विस्तार से साझा किया। उन्होंने हाल ही में प्रस्तुत बजट पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिले की लगभग 700 आंगनवाड़ियों में बिजली कनेक्शन की कमी एक गंभीर मुद्दा है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि जिले की कोई भी आंगनवाड़ी अंधेरे में नहीं रहेगी।
संवाद के दौरान जल जीवन मिशन, जल किलों के संरक्षण, समुद्री पर्यटन को बढ़ावा, ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी उन्होंने विस्तार से चर्चा की। मंच के सदस्यों के सवालों का उन्होंने संतुलित और जानकारीपूर्ण जवाब दिया।
मंगेश वाकडिकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने कॉर्पोरेट और बैंकिंग क्षेत्र में काम किया है, साथ ही सामाजिक कार्यों और स्पोर्ट्स सेक्टर में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों में अपनी भूमिका का उल्लेख करते हुए वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन को अपनी ताकत बताया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार माधव पाटिल, अध्यक्ष राजेंद्र पाटिल, विवेक पाटिल, संजय कदम, मंदार डोंडे, हरेश साठे, राजू गाड़े समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।



