नवी मुंबई में अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
Action demanded against illegal advertising hoardings in Navi Mumbai, warning of agitation
नवी मुंबई/सुमित गायकवाड: शहर में लगे अवैध और नियमबाह्य विज्ञापन होर्डिंग्स को तुरंत हटाया जाए, अन्यथा संस्था के कार्यकर्ता इन्हीं होर्डिंग्स पर चढ़कर आंदोलन करेंगे। यह कड़ा इशारा पर्यावरण सेवाभावी संस्था ने दिया है। संस्था की ओर से मनपा आयुक्त, वाशी रेलवे पुलिस, रेलवे प्रबंधक तथा मनपा अतिक्रमण और परवाना विभाग को लिखित ज्ञापन सौंपा गया।
संस्था के अध्यक्ष बालासाहेब शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार ने विज्ञापन होर्डिंग्स को लेकर स्पष्ट नियम बनाए हैं, जिनका शहर में पालन नहीं हो रहा है। नए नियमों के अनुसार केवल 40×40 फीट आकार तक के ही विज्ञापन बोर्ड लगाने की अनुमति है। इसके बावजूद वाशी, पाम बीच मार्ग, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, सेक्टर 17 बिग स्प्लैश परिसर और कोपरी पेट्रोल पंप के पास स्थित सोसायटी प्रांगण में भव्य और अवैध होर्डिंग्स खुलेआम लगाए गए हैं। संस्था का सवाल है कि क्या ये होर्डिंग्स शहर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं या नागरिकों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं?
संस्था का आरोप है कि मनपा अतिक्रमण विभाग द्वारा इन अवैध फलक/होर्डिंग्स पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। यदि निर्धारित एक माह की अवधि में इन पर कार्यवाही नहीं की गई, तो संस्था वैधानिक रूप से न्यायालय और संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज कराएगी।
बालासाहेब शिंदे ने आगे कहा कि इमारतों की छतों और दीवारों पर विज्ञापन फलक लगाने पर प्रतिबंध है। इस बारे में राज्य सरकार ने सभी महापालिकाओं, एमएमआरडीए और अन्य सरकारी व अर्ध-सरकारी विभागों को एक महीने में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
याद दिला दें कि घाटकोपर में आई तेज हवा और बारिश के दौरान एक विशाल विज्ञापन होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर पड़ा था, जिसमें 17 नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुर्घटना के बाद राज्य सरकार ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) दिलीप भोसले समिति की रिपोर्ट स्वीकार कर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमबाह्य होर्डिंग्स पर कठोर कार्रवाई हो।
संस्था ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो वे अवैध होर्डिंग्स पर चढ़कर तीव्र आंदोलन करेंगे। संस्था ने मांग की है कि कार्रवाई का लिखित विवरण उन्हें सौंपा जाए।
ज्ञापन सौंपते समय संस्था के शहर अध्यक्ष विनोद शिंदे, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। प्रशासन की ओर से संस्था को जल्द ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।



