Trending

IGNOU Mumbai का 39वाँ दीक्षांत समारोह संपन्न

IGNOU Mumbai’s 39th Convocation Ceremony Concludes

मुंबई/प्रतिनिधि : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र का 39वाँ दीक्षांत समारोह आज अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह समारोह मुंबई विश्वविद्यालय के कलीना परिसर स्थित राजीव गांधी केंद्र के सभागार में आयोजित किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अतिथियों की उपस्थिति रही।

समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के कुल 2887 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवीन्द्र दत्तात्रय कुलकर्णी और क्षेत्रीय निदेशक डॉ. राहुल मिश्र ने विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान कीं। बीए ऑनर्स हिंदी के एक छात्र को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जिसे इग्नू मुख्यालय, नई दिल्ली में प्रदान किया गया।

डॉ. राहुल मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि इग्नू ने दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों तक शिक्षा पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डिजिटल माध्यमों के जरिए शिक्षा को सुलभ बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत कौशल आधारित शिक्षा पर जोर दिया। मुख्य अतिथि प्रो. कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और नवाचार भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आजीवन सीखने की भावना अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नई दिल्ली स्थित मुख्यालय से किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने देखा। समारोह में विभिन्न छात्र सहायता केंद्रों के समन्वयक, प्राचार्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker