
Fadnavis–शिंदे की बैठक से महायुति में फिर एकता
Fadnavis-Shinde Meeting Reunifies Mahayuti
मुंबई/प्रतिनिधी : महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में पहले चरण के दौरान बिगड़े राजनीतिक रिश्तों के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे फिर से एकजुट नजर आए। सोमवार को दोनों नेताओं के बीच डेढ़ घंटे की बंद कमरे में बैठक हुई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और शिवसेना नेता रवींद्र चव्हाण भी मौजूद थे। बैठक के बाद शिंदे ने स्पष्ट किया कि आगामी जिला परिषद और नगर निगम चुनाव भाजपा और शिवसेना मिलकर लड़ेंगे। पहले चरण में 246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायत चुनावों में महायुति पूरी तरह बिखर गई थी। भाजपा, शिवसेना और एनसीपी ने न सिर्फ अलग-अलग चुनाव लड़े, बल्कि एक-दूसरे के नेताओं को अपने खेमे में भी शामिल कर लिया। इससे फडणवीस–शिंदे संबंधों में तल्खी बढ़ गई थी।
बैठक के बाद शिंदे ने अपने विधायकों और मंत्रियों को गठबंधन धर्म निभाने और किसी भी विवादित बयान से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जो विवाद हुए थे, वे अब समाप्त माने जाएं। आगे के सभी चुनाव महायुति के रूप में लड़े जाएंगे। महाराष्ट्र में निकाय चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं और अगले चरण में जिला परिषद व बड़े नगर निगमों—जैसे मुंबई, पुणे, ठाणे और नागपुर—के चुनाव हैं। मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच होना तय माना जा रहा है।