
Mumbai Airport हादसा टला, दो विमानों के विंग टकराए
Major Accident Averted at Mumbai Airport as Wings of Two Planes Collide
मुंबई/प्रतिनिधि : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ी विमानन दुर्घटना टल गई, जब टैक्सीवे पर खड़े एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के विंग आपस में टकरा गए। दोनों विमान यात्रियों से पूरी तरह भरे हुए थे, जिससे कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, हैदराबाद से मुंबई पहुंचा इंडिगो विमान और कोयंबटूर जाने के लिए तैयार एयर इंडिया का विमान टैक्सीवे पर मूवमेंट के दौरान बेहद करीब आ गए और उनके विंग टकरा गए। सौभाग्य से इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को रोक दिया गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन (DGCA) ने संज्ञान लिया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच में टैक्सीवे संचालन और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।



