कुलदीप–प्रसिद्ध की बोलिंग और जायसवाल का कमाल शतक
Kuldeep-Prasidh's Bowling and Jaiswal's Brilliant Century

स्पोटर्स/सान्वी देशपांडे : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे और निर्णायक एकदिवसीय मुकाबले में 9 विकेट से हराकर सीरीज 2–1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने मात्र 39.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारत की शानदार जीत के नायक रहे यशस्वी जायसवाल, जिन्होंने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ते हुए 116 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं कप्तान रोहित शर्मा (75) और विराट कोहली (65)* ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रोहित और यशस्वी ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ा। रोहित के आउट होने के बाद यशस्वी ने विराट कोहली के साथ मिलकर नाबाद 116 रनों की पार्टनरशिप करते हुए भारत को एकतरफा जीत दिलाई।
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को 270 रन पर समेट दिया। प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4–4 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 106 और टेम्बा बवुमा ने 48 रन बनाए।



