नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर को, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे लोकार्पण
Navi Mumbai International Airport to be inaugurated on October 8, Prime Minister Modi to do the inauguration
नवी मुंबई, 4 अक्टूबर। मुंबई महानगर क्षेत्र को जल्द ही देश का दूसरा सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिलने जा रहा है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) का उद्घाटन 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह जानकारी सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CIDCO) के प्रबंध निदेशक विजय सिंगल ने दी।
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2:40 बजे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे टर्मिनल बिल्डिंग का निरीक्षण करेंगे और वॉकथ्रू करेंगे। इसके पश्चात एयरपोर्ट परिसर में आयोजित सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
यह एयरपोर्ट कुल 1160 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया गया है। इसमें दो रनवे और चार अत्याधुनिक टर्मिनल बनाए गए हैं। पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद इसकी क्षमता 90 मिलियन यात्रियों को संभालने की होगी। पहले चरण में एयरपोर्ट प्रतिवर्ष 2 करोड़ यात्रियों और 0.8 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो की क्षमता के साथ शुरू होगा। वर्तमान में मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लगभग 50 से 55 मिलियन यात्रियों की क्षमता रखता है। नवी मुंबई एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दोनों मिलकर एमएमआर क्षेत्र की कुल क्षमता 150 मिलियन यात्रियों तक पहुंच जाएगी, जिससे यह क्षेत्र वैश्विक विमानन हब के रूप में स्थापित होगा।
एयरपोर्ट की विशेषताओं में सबसे खास यह है कि इसके सभी चारों टर्मिनल आपस में जुड़े होंगे। यात्रियों को सुविधा देने के लिए ड्राइवरलेस भूमिगत ट्रेन, ऑटोमेटिक पीपल मूवर (APM) की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से यात्री टी1 से टी4 तक जा सकेंगे। यहां सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल की सुविधा होगी और 47 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन किया जाएगा। साथ ही यह देश का पहला एयरपोर्ट होगा जहां से वॉटर टैक्सी सेवा गेटवे ऑफ इंडिया तक उपलब्ध होगी और वहां चेक-इन सुविधा भी दी जाएगी।
यातायात और कनेक्टिविटी को देखते हुए एयरपोर्ट को कई बड़ी परियोजनाओं से जोड़ा जा रहा है। दक्षिण मुंबई से आने वाले यात्रियों के लिए उल्वे अटल सेतु और निर्माणाधीन उल्वे कोस्टल रोड महत्वपूर्ण मार्ग साबित होंगे। अमरा मार्ग से हाफ क्लोवर लीव्स द्वारा सीधी कनेक्टिविटी प्रदान की गई है। इसके अलावा प्रस्तावित मेट्रो लाइन-8 (बॉटल लाइन) एयरपोर्ट को मुंबई की मौजूदा मेट्रो लाइनों और नवी मुंबई मेट्रो-1 से जोड़ेगी। वहीं, थाणे से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक 26 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने की मंजूरी भी राज्य सरकार दे चुकी है।
विजय सिंगल के अनुसार, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल मुंबई और एमएमआर क्षेत्र की ही जरूरतें पूरी नहीं करेगा, बल्कि पुणे, नासिक और आसपास के क्षेत्रों को भी हवाई यात्रा की सुविधा देगा। एयरपोर्ट परिसर में एरोसिटी, इंटरनेशनल कॉर्पोरेट पार्क, इंटरनेशनल एजु-सिटी (जहां 10 विदेशी विश्वविद्यालय एक साथ होंगे) और मेडिसिटी का भी विकास किया जाएगा।
आर्थिक दृष्टि से यह परियोजना महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गेम चेंजर मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी” के लक्ष्य में महाराष्ट्र ने 1 ट्रिलियन डॉलर का योगदान देने का संकल्प लिया है। इसमें से 300 बिलियन डॉलर का योगदान केवल एमएमआर क्षेत्र से आएगा। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
8 अक्टूबर का दिन न केवल महाराष्ट्र, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक होगा, जब प्रधानमंत्री मोदी इस अत्याधुनिक एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और नवी मुंबई को वैश्विक विमानन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएंगे।




