Hindi Journalism Day : हिंदी पत्रकारिता दिवस आज, जानिए कौन हैं जुगल किशोर शुक्ल जिन्होंने पहला अखबार छापा
When did Hindi journalism begin, who is Jugal Kishore Shukla who published the first Hindi Newspaper

मुंबई/सुधीर शर्माः पत्रकारिता को बढ़ावा देने और सराहने के लिए ही हर साल 30 मई के दिन हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है. साल 1826 में 30 मई के दिन ही हिंदी का पहला अखबार उदन्त मार्तण्ड निकाला गया था जिसके संपादक जुगल किशोर शुक्ला थे. इस अखबार के पहली बार छपने के दिन को ही हिंदी पत्रकारिता दिवस मान लिया गया. यह दिन न केवल हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक शुरुआत को याद करने का अवसर है, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, चुनौतियों और योगदानों पर विचार करने का भी समय होता है। महाराष्ट्र में भाषाई पत्रकारिता के बीच हिंदी पत्रकारिता का स्तर तेजी से गिर रहा है, फिर भी तमाम पत्रकार मुश्किलों के बीच हिंदी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का धर्म निभा रहे हैं.
अंग्रेजी-फारसी के बीच 1826 में छपा पहला हिंदी अखबार
19वीं सदी में अंग्रेजी और फारसी में अखबार तो छपते थे, लेकिन हिंदी भाषी जनता के लिए कोई समाचार माध्यम उपलब्ध नहीं था। ‘उदंत मार्तंड’ ने इस कमी को पूरा किया और हिंदी भाषी समाज को जागरूक करने की दिशा में पहला कदम रखा। पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने असीम साहस के साथ कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) से देश के पहले हिंदी अखबार का प्रकाशन किया. यद्यपि आर्थिक कठिनाइयों के कारण यह समाचार पत्र बहुत अधिक समय तक नहीं चल सका, लेकिन इसने एक आंदोलन की नींव रख दी।यह साप्ताहिक पत्र था और हर मंगलवार को प्रकाशित होता था। हिंदी पत्रकारिता की यह नींव भारतीय समाज के जागरण, स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक सुधार आंदोलनों के लिए एक मजबूत मंच बनी. हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक देश की जनता को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
व्यापक और प्रभावशाली बन रही है हिंदी पत्रकारिता
आज हिंदी पत्रकारिता ने प्रिंट मीडिया से आगे बढ़कर डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। हिंदी अखबार, टीवी चैनल, वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदी में समाचारों की पहुँच बढ़ी है, जिससे यह क्षेत्र और भी प्रभावशाली बन गया है। हालांकि, आज की पत्रकारिता को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जैसे कि पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग, फेक न्यूज़, व्यवसायिक दबाव आदि। इन समस्याओं के बावजूद, पत्रकारों को सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। इसका असली उद्देश्य समाज को सही और निष्पक्ष जानकारी देना, जनमत का निर्माण करना और लोकतंत्र को सशक्त बनाना है।
जागरूक पाठक और जिम्मेदार पत्रकार बनने की प्रेरणा
हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें न केवल अतीत की याद दिलाता है, बल्कि भविष्य के लिए हमारी ज़िम्मेदारियों की भी ओर इशारा करता है। पत्रकारिता केवल खबरों का संकलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। हिंदी पत्रकारिता को जनजागरण, सामाजिक सुधार और राष्ट्रीय विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते रहना चाहिए। यह दिन हमें प्रेरणा देता है कि हम एक जागरूक पाठक और जिम्मेदार पत्रकार बनें, और सच्चाई तथा न्याय की आवाज को बुलंद करें।



