POK में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी, कई लोगों की मौत
Firing on protesters in PoK; several killed
विशेष/प्रतिनिधी : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) के रावलकोट में सोमवार को प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़प ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा बलों की गोलीबारी में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारी मुजफ्फराबाद की ओर रैली निकाल रहे थे और हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई, उनके खिलाफ दर्ज मामलों की वापसी तथा अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
यह भी पढ़िए : ‘दलबदल कानून’ पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले करीब दो महीनों से जारी आंदोलन के दौरान अब तक कुल 91 लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण पीओके विधानसभा की 12 शरणार्थी सीटों को लेकर उठ रहा विवाद है। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) का आरोप है कि पाकिस्तान के अन्य शहरों में रहने वाले लोगों को पीओके की सरकार के गठन में मतदान का अधिकार नहीं मिलना चाहिए, जबकि पाकिस्तान की सेना इन सीटों को संवैधानिक व्यवस्था का हिस्सा बता रही है।
इस बीच, भारत ने पीओके की स्थिति को पाकिस्तान के प्रशासनिक दमन का परिणाम बताते हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की आलोचना की है। वहीं, पाकिस्तान में चुनावी गड़बड़ियों को लेकर प्रमुख राजनीतिक दल भी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है।



