
SSC Result 2025: नवी मुंबई मनपा स्कूलों का 94 फीसदी रिजल्ट, Anshika Yadav बनी टॉपर
Anshika Yadav became the topper in Navi Mumbai Municipal Schools
नवी मुंबई/सुधीर शर्मा: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक शिक्षण मंडल ने 10वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे आज घोषित कर दिए.परीक्षा परिणामों में नवी मुंबई महानगरपालिका के माध्यमिक विद्यालयों का पासिंग प्रतिशत 94.72 रहा जो बेहद शानदार है.आंबेडकर नगर रबाले के मनपा विद्यालय क्रमांक 104 राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय की छात्रा अंशिका अंगद यादव ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर माध्यमिक स्कूलों में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है. वहीं दूसरे नंबर पर साहिल जाधव रहे एवं रुक्कया अंसारी को तीसरा नंबर हासिल हुआ है.ये सभी छात्र आंबेडकर नगर की झोपड़पट्टियों में रहते हैं और सामान्य सुविधाओं के बीच अपनी पढ़ाई करते हैं. आज अंशिका यादव के टॉपर बनने पर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे ने बधाई दी है. उन्होंने कहा कि मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों की सफलता, प्राचार्य और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है और इसके लिए विद्यार्थी और उनके शिक्षक भी बधाई के पात्र हैं.
नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के अंग्रेजी-मराठी और हिंदी सभी माध्यमों के विद्यार्थियों ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा दिया था. कुल 23 माध्यमिक विद्यालयों के 2698 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था जिनमें से 2568 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं. महानगरपालिका विद्यालयों का कुल परिणाम 94.72 प्रतिशत रहा।3 स्कूलों का 100 फीसदी परिणाम, अंशिका यादव नंबर वन
महानगर पालिका द्वारा संचालित कुल 23 माध्यमिक विद्यालयों में से, 3 माध्यमिक विद्यालयों ने 100 फीसदी परीक्षा परिणाम हासिल करते हुए नया रिकार्ड बना दिया है. इनमें विद्यालय क्रमांक 108 दीघा, विद्यालय क्रमांक 111 तुर्भा स्टोर और विद्यालय क्रमांक 116 सानपाड़ा ने 100% परिणाम प्राप्त किया है। इन 23 विद्यालयों में से, रबाले के राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय 104 की छात्रा अंशिका अंगद यादव ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और महानगरपालिका विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाली प्रथम छात्रा बन गई है. वहीं दूसरे नंबर पर साहिल जाधव एवं रुक्कया अंसारी को तीसरा नंबर हासिल हुआ है.
मामा का सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन ने बढ़ाया हौसलाःअंशिका
खेल और शिक्षा दोनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय की छात्रा अंशिका यादव को टॉपर बनने पर चारो ओर से बधाईयां मिल रही हैं. अंशिका यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, और परिवार जनों को देते हुए उनका आभार जताया. खास तौर पर अंशिका यादव ने पूर्व महापौर सुधाकर सोनावणे और रंजनाताई सोनावणे का उल्लेख करते हुए कहा ” यह सब सुधाकर मामा के निरंतर सहयोग और समर्थन से संभव हो पाया है. आंबेडकर नगर के सामान्य और गरीब बच्चों को जिस तरह मामा अपना परिवार का हिस्सा मानकर संभाालते हैं और पढ़ने एवं आगे बढ़ने का हौसला देते हैं उसी का परिणाम है कि अच्छा रिजल्ट मिला है”.
नवी मुंबई में सुधाकर सोनावणे जैसे मैंटर चाहिए
महाराष्ट्र के तमाम जिलों और ठिकानों पर जहां सरकारी विद्यालयों की हालत खस्ता है. स्कूलों से ड्रॉप आउट की खबरें लगातार सुनने को मिलती हैं, इसके बदले नवी मुंबई मनपा स्कूलों में छात्रों की भीड़ लगी है. नवी मुंबई अंबेडरनगर का 104 छत्रपति शाहू महाराज विद्यालय और मान्यवर काशीराम हिंदी विद्यालय वो स्कूल हैं जहां छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है. कारण है यहां का इनोवेटिव एजुकेशन, छात्रों के लिए बहुआयामी शिक्षण और एडवांस सुविधाओं के साथ पढ़ाई जिसके लिए पूर्व मेयर सुधाकर सोनावणे लगातार जुटे हुए हैं. सुधाकर सोनावणे के मार्गदर्शन और नियमित देखरेख में यहां छात्रों को शिक्षण सामग्री, और ट्यूशन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं.
एक्सपर्ट मानते हैं कि जिस तरह की मेंटरशिप आंबेडकर नगर के दो विद्यालयों को मिलती है वैसी कहीं और नहीं मिलती. माना जा रहा है कि जिस तरह सुधाकर सोनावणे एक मेंटर की तरह झोपड़पट्टियों में शिक्षा की अलख जगाकर बच्चों को आगे बढ़ा रहे हैं, मनपा स्कूलों को संभाले हुए हैं, ऐसी मेंटरशिप दूसरे मनपा स्कूलों को मिल जाए तो वे भी कान्वेंट और इंग्लिस स्कूलों को पछाड़ते हुए बेहतर रिजल्ट हासिल कर सकते हैं. ऐसे मेंटर की हर झोपड़पट्टी में जरूरत है.



