Hanuman Jayanti : देशभर में गूंजे जय बजरंगबली के जयकारे
Hanuman Jayanti 2026: Chants of "Jai Bajrangbali" Resound Across the Nation

नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : पूरे देश में आज श्रद्धा और उत्साह के साथ हनुमान जयंती मनाई जा रही है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन, हनुमान चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
मुंबई, नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भी विभिन्न मंदिरों को फूलों और रोशनी से सजाया गया है। कई जगहों पर भव्य शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं, जिसमें श्रद्धालु “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारे लगा रहे हैं। इस अवसर पर भक्त उपवास रखकर भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और उनके आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में प्रसाद वितरण के साथ-साथ भंडारों का भी आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान हनुमान को शक्ति, भक्ति और निष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इस दिन उनकी पूजा करने से भय, संकट और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलती है। प्रशासन ने भी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कर सकें।



