Eid al-Fitr : रंग, रौनक और रिश्तों का त्योहार
Eid al-Fitr : The Festival of Colors, Vibrancy, and Relationships

विशेष/प्रतिनिधि : देशभर में आज खुशी, भाईचारे और सौहार्द का पर्व ईद-उल-फितर बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रमज़ान के पवित्र महीने के समापन पर आई इस खास ईद के मौके पर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद समेत देश के प्रमुख शहरों में लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआएं मांगीं।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश और मजबूत हुआ। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। रंग-बिरंगे कपड़े, सेवइयों की मिठास और पारंपरिक पकवानों की खुशबू ने इस त्योहार को और भी खास बना दिया। ईद का यह पर्व समाज में एकता, त्याग और इंसानियत की भावना को सशक्त करता है।



