Maritime Security पर भारत का सख्त संदेश
India's Strong Message on Maritime Security

विशेष/प्रतिनिधि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एनर्जी और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे हमले निंदनीय हैं और इससे वैश्विक स्तर पर खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा से फोन पर विस्तृत बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वेस्ट एशिया की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और उसके वैश्विक प्रभावों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर किंग खलीफा और बहरीन की जनता को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समुद्री मार्गों को सुरक्षित और खुला रखना तथा नेविगेशन की स्वतंत्रता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने बहरीन में भारतीय समुदाय के हितों की रक्षा के लिए लगातार सहयोग देने पर किंग खलीफा का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने बातचीत को सकारात्मक और उपयोगी बताया।



