Amrit Mitra Mahotsav: महिला नेतृत्व को मिलेगा सम्मान
Amrit Mitra Mahotsav: Honoring Women's Leadership

दिल्ली/प्रतिनिधि: नई दिल्ली में शुक्रवार 13 मार्च को भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा “अमृत मित्र महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि मध्यप्रदेश के 55 नगरीय निकायों में 312 स्व-सहायता समूहों की 1,028 महिलाएँ “अमृत मित्र” के रूप में जल गुणवत्ता परीक्षण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। ये महिलाएँ सार्वजनिक उद्यानों के रख-रखाव के साथ केंद्र सरकार के “वुमन फॉर ट्रीज़” अभियान के तहत पौधरोपण और उनकी सुरक्षा का कार्य भी कर रही हैं। महोत्सव में मध्यप्रदेश की लगभग 300 महिलाएँ भाग लेंगी, वहीं उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों की महिलाएँ भी शामिल होंगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन महिला नेतृत्व के माध्यम से सतत शहरी विकास को नई दिशा देगा।



