Budget Session: आज से बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू
The Second Phase of the Budget Session Begins in Parliament Today

दिल्ली/प्रतिनिधि : संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। सत्र की शुरुआत ही राजनीतिक गर्माहट के साथ होने की संभावना है। आज लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोशन लाने के मुद्दे पर चर्चा होगी। कांग्रेस के तीन सांसद इस प्रस्ताव को पेश करेंगे। विपक्षी दलों ने स्पीकर पर सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपात करने का आरोप लगाया है।
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कामकाज की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि ओम बिरला संविधान और संसदीय व्यवस्था के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और सदन के मुखिया के रूप में सभी सदस्यों का सम्मान करते हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि स्पीकर आलोचनाओं को भी धैर्यपूर्वक स्वीकार करते हैं। इधर, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर आज लोकसभा में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर बयान देंगे। वहीं राज्यसभा में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल और शून्यकाल में सांसद जनहित से जुड़े मुद्दे भी उठाएंगे।



