
Panvel: जनरल मीटिंग में समितियों के सदस्यों का चुनाव
Election of Committee Members at Panvel General Meeting
पनवेल/सान्वी देशपांडे : पनवेल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की स्पेशल जनरल मीटिंग शुक्रवार को आयोजित की गई, जिसमें स्टैंडिंग कमेटी, महिला एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों और मंज़ूर पार्षदों का चयन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मेयर नितिन पाटिल ने की। इस अवसर पर डिप्टी मेयर प्रमिला पाटिल, मनपा आयुक्त मंगेश चितले, अतिरिक्त आयुक्त गणेश शेटे और सचिव नानासाहेब कामठे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पार्षद उपस्थित थे।स्टैंडिंग कमेटी और महिला-बाल कल्याण समिति के कुल 16 सदस्यों में से 12 सदस्य भाजपा-महायुति से चुने गए, जबकि चार सदस्य महाविकास अघाड़ी से हैं। वहीं सात मंज़ूर पार्षदों में से पांच महायुति से और दो महाविकास अघाड़ी से चुने गए।
बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स पर विरोध, विपक्ष की मांग खारिज
बैठक में तीन विषयों पर चर्चा होनी थी, लेकिन मेयर ने विपक्षी पार्षद अरविंद म्हात्रे को विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता देने की मांग और कांग्रेस पार्षद हरेश केनी द्वारा शहर में पानी की कमी पर चर्चा कराने की मांग को अस्वीकार कर दिया। इस बीच उद्धव सेना के पार्षदों ने प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर विरोध दर्ज कराया। पार्टी के गटनेता लीना गरद के नेतृत्व में पार्षदों ने सेक्शन 120 के तहत नागरिकों को राहत देने की मांग की और इस मुद्दे को लेकर सदन के बाहर बैनर भी लगाए।
उद्धव सेना पार्षद ने भाजपा नेता के पैर छुए, सदन में चर्चा
बैठक के दौरान एक दिलचस्प घटना भी सामने आई। मंज़ूर पार्षदों में महायुति से प्रथमेश सोमन, परेश ठाकुर, गणेश कद्दू, डॉ. अरुण कुमार भगत और दिनेश खानवकर शामिल हैं, जबकि महाविकास अघाड़ी से प्रकाश म्हात्रे और नितिन गवांड चुने गए। मंज़ूर पार्षदों के चुनाव की घोषणा के बाद उद्धव सेना के मंज़ूर पार्षद नितिन गवांड ने भाजपा के मंज़ूर पार्षद परेश ठाकुर के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। विपक्षी सदस्य द्वारा सत्ताधारी दल के नेता के पैर छूने की इस घटना से सदन में चर्चा का विषय बन गया।
स्टैंडिंग और महिला-बाल कल्याण समिति में महायुति का बहुमत
वही स्टैंडिंग कमेटी में प्रवीण पाटिल, मधु पाटिल, समीर कदम, बबन मुकादम, रवींद्र भगत, विजय खानवकर, हेमलता गोवारी, रवींद्र जोशी, राजश्री वावेकर, मनोज भुजबल, रुचिता लोंधे और अजय बहिरा समेत कई पार्षद शामिल हैं, जबकि महाविकास अघाड़ी से अरविंद म्हात्रे, हरेश केनी, तुषार पाटिल और प्रिया गोवारी को भी समिति में जगह मिली है।



