
Mumbai University में फिनलैंड के राष्ट्रपति करेंगे संबोधन
President of Finland to address Mumbai University
मुंबई/प्रतिनिधि : फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब्स आज मुंबई यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे बदलते वैश्विक परिदृश्य और नए वर्ल्ड ऑर्डर में संतुलन बनाए रखने की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक सहयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों जैसे मुद्दों पर भी उनके विचार सामने आने की उम्मीद है।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई के होटल ताज पैलेस में राष्ट्रपति स्टब्स से मुलाकात की। इस बैठक में महाराष्ट्र और फिनलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, निवेश के अवसरों, उद्योग, व्यापार और स्किल डेवलपमेंट जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिनलैंड के साथ सहयोग से महाराष्ट्र में नई तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इस अवसर पर राज्य के प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल भी मौजूद रहे।



