
Maharashtra Budget में उद्योग और निवेश पर जोर
Maharashtra Budget Emphasizes Industry and Investment
मुंबई/प्रतिनिधि : महाराष्ट्र सरकार ने बजट में राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े लक्ष्य तय किए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य की इंडस्ट्रियल इकॉनमी को 12 गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है और महाराष्ट्र को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र की जीडीपी को मौजूदा 123 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर लगभग 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। निवेश को बढ़ावा देने के लिए ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ नाम का एक यूनिफाइड डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया जाएगा, जिससे उद्योगों को अनुमति और सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
बजट में माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) को मजबूत करने के लिए एक अलग MSME कमिश्नरेट और सर्विसेज कमिश्नरेट बनाने की घोषणा की गई है। साथ ही राज्य के हर जिले में एक MSME सेंटर स्थापित किया जाएगा। कोंकण क्षेत्र के विकास के लिए सिंधुरत्न समृद्धि योजना को सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जिलों में तीन वर्षों के लिए लागू किया जाएगा, साथ ही नहर निर्माण और मरम्मत कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।



