
Panvel: कपड़े के थैलों की वेंडिंग मशीन शुरू
Cloth Bag Vending Machine Launched in Panvel
पनवेल/प्रतिनिधि : पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ़ पनवेल ने पनवेल की गणेश भाजी मार्केट, झील परिसर में कपड़े के थैलों की वेंडिंग मशीन लगाई है। इस मशीन का उद्घाटन पनवेल नगर निगम के मेयर नितिन पाटिल और डिप्टी कमिश्नर डॉ. वैभव विधाते ने किया। इस अवसर पर क्लब की AC मेंबर डॉ. शोभा पालेकर, वर्षा ठाकुर, नगरसेवक दशरथ म्हात्रे और इनर व्हील क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
आजकल प्लास्टिक बैग का बढ़ता उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इससे नालियां जाम होने, जानवरों को नुकसान पहुंचने और मिट्टी व पानी के प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है, ताकि नागरिकों को पर्यावरण के अनुकूल विकल्प आसानी से मिल सके। सब्जी मंडी में आने वाले ग्राहक इस मशीन में 10 रुपये का सिक्का डालकर कपड़े का थैला खरीद सकेंगे। क्लब की अध्यक्ष शुभांगी पिंपलकर और सचिव डॉ. अमृता नाइक ने नागरिकों से कपड़े के थैले अपनाकर प्लास्टिक-मुक्त समाज बनाने की अपील की।



