
Pune: पुणे एयरपोर्ट के लिए मेट्रो रूट फाइनल
Metro Route Finalized for Pune Airport
पुणे/प्रतिनिधि : पुणे के लोहेगांव स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मेट्रो से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पुणे से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए छह अलग-अलग मेट्रो रूट्स पर विचार किया गया था, जिनमें से एक व्यावहारिक रूट को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस फैसले के बाद लोहेगांव एयरपोर्ट सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकेगा, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मोहोल ने यह भी जानकारी दी कि खड़कवासला से हिंजेवाड़ी तक प्रस्तावित मेट्रो रूट के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पुणे शहर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में शहर के भविष्य से जुड़े 16 प्रमुख विकास कार्यों पर चर्चा हुई। मोहोल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।



