
NMMC में समितियों के अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू
The process of electing committee chairpersons in the NMMC has begun.
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (मनपा) की स्टैंडिंग कमेटी, ट्रांसपोर्ट कमेटी समेत कई महत्वपूर्ण विषय समितियों के चेयरमैन का चुनाव गुरुवार को होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को बुधवार, 4 मार्च को आवेदन दाखिल करने का मौका दिया गया है। आवेदन की जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया गुरुवार को ही पूरी की जाएगी, जिसके बाद अध्यक्षों का चयन किया जाएगा। मनपा चुनाव जनवरी 2026 में संपन्न हुए थे। इससे पहले 2020 में चुनाव होने थे, लेकिन विभिन्न कारणों से चुनाव टलते रहे और इस दौरान मनपा पर प्रशासक का शासन रहा। चुनाव के बाद अब शहर को जनता के चुने हुए प्रतिनिधि मिल गए हैं।
हाल ही में हुई पहली आम सभा में महापौर, उपमहापौर, सदन नेता, विपक्षी नेता और विभिन्न समितियों के सदस्य चुने जा चुके हैं, जबकि अब इन समितियों के अध्यक्षों का चुनाव होना बाकी है। मनपा में कुल 111 नगरसेवक हैं, जिनमें 65 भाजपा, 42 शिवसेना, 2 उभाठा गुट, 1 मनसे और 1 निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। चौदह गांवों के निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन से भाजपा की संख्या 66 हो गई है। स्थायी समिति को मनपा की सबसे महत्वपूर्ण समिति माना जाता है, क्योंकि शहर के विकास कार्य इसी समिति की मंजूरी के बाद शुरू होते हैं। वहीं ट्रांसपोर्ट समिति में केवल भाजपा के आवेदन आने से इस समिति का अध्यक्ष भाजपा का ही होना तय माना जा रहा है।



