West Asia Tensions: भारत ने बनाई अंतर-मंत्रालयी निगरानी टीम
West Asia Tensions: India Forms Inter-Ministerial Monitoring Team

दिल्ली/प्रतिनिधि : ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर भारतीय निर्यातकों ने चिंता जताई है। संभावित व्यापारिक असर को देखते हुए भारत सरकार ने स्थिति पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों की दैनिक आधार पर समीक्षा के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समूह का गठन किया गया है। यह समूह पोत परिवहन, लॉजिस्टिक व्यवस्था, निर्यात और महत्वपूर्ण आयात पर पड़ने वाले संभावित जोखिमों का आकलन करेगा। निर्यातकों को आशंका है कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण समुद्री मार्ग प्रभावित हो सकते हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ सकता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार निर्यातकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर रही है ताकि इस संकट का भारत के व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। इस समूह में वित्तीय सेवा विभाग, विदेश मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, पेट्रोलियम मंत्रालय तथा सीबीआईसी के अधिकारी शामिल हैं। सरकार ने निर्यातकों और आयातकों के लिए 24×7 हेल्प डेस्क भी स्थापित किए हैं।



