
Opposition ने शीतकालीन सत्र बढ़ाने की मांग
Opposition Demands Extension of Maharashtra Winter Session
नागपुर/तुषार पाटिल : महाराष्ट्र विधानसभा और विधानपरिषद का हिवाळी (शीतकालीन) अधिवेशन आज नागपुर में वंदे मातरम् और राज्यगीत के गायन के साथ औपचारिक रूप से शुरू हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं वित्तमंत्री अजित पवार ने दोनों सदनों में वर्ष 2025-26 के लिए 75,286 करोड़ रुपये की पूरक मांगें पेश कीं।
विधानसभा में तालिका अध्यक्ष के रूप में चैनसुख संचेती, समीर कुणावार, किशोर पाटील, सरोज अहिरे, राहुल पाटील, उत्तम जानकर और रामदास मसराम की नियुक्ति की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने की। वहीं, परिषद में तालिका अध्यक्ष के रूप में अमित गोरखे, तथा अमोल मिटकरी, धीरज लिंगाडे, सुनील शिंदे और कृपाल तुमाने को तालिका सदस्य बनाया गया।
कांग्रेस नेता नाना पटोले और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता भास्कर जाधव ने अधिवेशन की अवधि बढ़ाने की मांग की। पटोले ने आरोप लगाया कि सरकार कामकाज जल्दबाजी में निपटाने की कोशिश कर रही है। इस पर अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने स्पष्ट किया कि अधिवेशन की अवधि का निर्णय कार्य सलाहकार समिति सर्वसम्मति से करती है, इसलिए इस पर अतिरिक्त चर्चा नहीं होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आचार संहिता के कारण यह सत्र अल्पकालीन है, और इसकी भरपाई अगले अधिवेशन में की जाएगी। इसके बाद दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।



