World के लिए विकास का मॉडल बना भारत – PM मोदी
Make India a Model of Development for The World - PM Modi

दिल्ली/प्रतिनिधी : नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया के लिए उच्च विकास दर और निम्न मुद्रास्फीति का आदर्श मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में देश की GDP में 8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है, जो केवल एक आर्थिक आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता और स्थिरता का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं, मंदी की आशंकाओं और विश्वास संकट के दौर में भारत एक विश्वसनीय स्तंभ और सेतु निर्माता के रूप में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया कई चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत अपनी विकास गाथा खुद लिख रहा है और नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने देश में चल रहे संरचनात्मक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2025 कर सुधारों से लेकर जीएसटी तक कई अहम बदलावों का निर्णायक वर्ष साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि औपनिवेशिक मानसिकता और मानसिक गुलामी विकसित भारत के लक्ष्य की राह में सबसे बड़ी बाधा है। इसलिए आने वाले दस वर्षों को इस सोच से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने शासन में बढ़ते पारदर्शिता और जनता-सरकार के बीच मजबूत हुए विश्वास को भारत की प्रगति का आधार बताया।



