IISF 2025 की धमाकेदार शुरुआत
IISF 2025 Gets Off to a Great Start

दिल्ली /प्रतिनिधि : पंचकूला के दशहरा मैदान में आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित 11वां भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (IISF) भव्य रूप से शुरू हुआ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी के साथ महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना और विज्ञान की उपलब्धियों का उत्सव मनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं और भारत को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने छात्रों और युवा वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि भारत अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह देशवासियों के लिए गर्व की बात है। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘विज्ञान से समृद्धि: आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है।
विज्ञान महोत्सव में देशभर से हज़ारों छात्र, शोधकर्ता और विज्ञान प्रेमी शामिल हो रहे हैं। इसरो, डीआरडीओ सहित कई प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञ भी मौजूद हैं, जो विभिन्न सत्रों, संवाद कार्यक्रमों तथा नवाचार आधारित गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। महोत्सव का उद्देश्य विज्ञान को जन-जन तक पहुँचाना और नवाचार को बढ़ावा देना है।



