Victory in Bihar | बिहार की जीत से खुला बंगाल जीतने का रास्ता : PM ने दी ममता को चुनौती
Bihar Win Boosts Bengal Mission | PM Modi’s Powerful Message on bihar victory

विशेष/प्रतिनिधि: वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनावों में मिली जीत विकास की राजनीति के लिए एक जनादेश है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने भाई-भतीजावाद की राजनीति का बहिष्कार किया है। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह बिहार की उन महिलाओं की जीत है जिन्हें राजद के जंगलराज का प्रकोप झेलना पड़ा। उन्होंने रिकॉर्ड संख्या में मतदान करके लोकतंत्र और चुनाव आयोग में विश्वास जताने के लिए लोगों को बधाई दी। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताया जिससे देश की चुनावी प्रक्रिया में विश्वास और मज़बूत हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में शायद ही कोई चुनाव बिना पुनर्मतदान के होता था, लेकिन इस बार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ. मोदी ने कहा कि मतदाताओं ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण को भारी समर्थन दिया है और अब सभी दलों का यह कर्तव्य है कि वे मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के लिए अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें।
तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति को जनता ने हराया-मोदी
प्रधानमंत्री ने महागठबंधन पर तुष्टिकरण और विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में एक अलग गुट उभर रहा है जो इस नकारात्मक राजनीति से असहज है। उन्होंने कहा कि एनडीए की जीत में समाज के हर वर्ग का योगदान रहा है, जिनमें महिलाएँ और युवा सबसे आगे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की जीत ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गंगा बिहार से बंगाल की ओर बहती है, उसी प्रकार बिहार ने भी बंगाल में भाजपा की जीत का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों को आश्वासन दिया कि भाजपा उनके साथ मिलकर राज्य से जंगल राज को उखाड़ फेंकेगी।
पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं का आभार-नितीश-चिराग की प्रशंसा
श्री मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान की भी उनके नेतृत्व के लिए सराहना की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि एनडीए ने न केवल पार्टी लाइन से ऊपर बल्कि बूथ स्तर पर भी सहज समन्वय प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री ने उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए जम्मू-कश्मीर के नगरोटा और ओडिशा के नुआपाड़ा के लोगों को भी धन्यवाद दिया।
जंगलराज का अंत, सुशासन की जीतःजेपी नड्डा
इस बीच, भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि बिहार के लोगों ने जंगल राज के बजाय विकास को चुना है। पार्टी अध्यक्ष ने महागठबंधन की आलोचना करते हुए उस पर तुच्छ राजनीति, तुष्टिकरण, विभाजन और बिहार के मूल मुद्दों को दरकिनार करने का आरोप लगाया। श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि एनडीए की जीत समाज के सभी वर्गों के समर्थन से सम्भव हो पाई है।



