Green Energy : ग्रीन एनर्जी में नंबर वन बन रहा भारत, जानिए कैसे बढ़ रही क्षमता
India witnesses significant growth in renewable energy capacity

नई दिल्ली/प्रतिनिधि: भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2014 में जहां देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता केवल 35 गीगावॉट थी, वहीं अब यह क्षमता पांच गुना बढ़कर 197 गीगावॉट से अधिक हो गई है। इसमें बड़े जलविद्युत प्रोजेक्ट्स से उत्पन्न बिजली भी शामिल है।नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने 2030 तक 500 गीगावॉट गैर-फॉसिल ऊर्जा उत्पादन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत का नवीकरणीय ऊर्जा विकास दर विश्व में सबसे तेज है।
तेजी से बढ़ रहा नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग
केन्द्रीय नवीकरणीय ऊर्जा कार्यान्वयन एजेंसियों ने इस साल 5.6 गीगावॉट बिजली खरीदने के लिए टेंडर जारी किए हैं, जबकि राज्य एजेंसियों ने 3.5 गीगावॉट बिजली खरीदने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इसके अतिरिक्त, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं द्वारा इस वर्ष लगभग 6 गीगावॉट नई नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने की संभावना है। यह वृद्धि भारत को वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा मानचित्र पर एक अग्रणी देश के रूप में स्थापित करती है और देश की स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण योजना को मजबूती प्रदान करती है।



