
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल जर्मनी की यात्रा पर, व्यापार संबंधों को मजबूत करने का लक्ष्य
Piyush Goyal to Strengthen Indo-German Trade Relations
नई दिल्ली प्रतिनिधि: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से जर्मनी के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य भारत-जर्मनी आर्थिक और व्यापारिक साझेदारी को और मजबूत करना है। इस दौरे का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि वर्ष 2025 में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को 25 साल पूरे हो रहे हैं।दौरान, मंत्री गोयल जर्मन आर्थिक मामलों और ऊर्जा मंत्री कैथरिना राइश के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि इन बैठकों में इंडो-जर्मन आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने और व्यापार एवं निवेश सहयोग के नए रास्ते खोजने पर चर्चा होगी। मंत्री गोयल बर्लिन ग्लोबल डायलॉग के तीसरे संस्करण में मुख्य वक्ता के रूप में भी शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त, दौरे के दौरान मंत्री गोयल का जर्मनी की प्रमुख कंपनियों के CEO के साथ एक-से-एक बैठक होगी और वे मिटलस्टैंड कंपनियों के नेताओं के साथ राउंडटेबल की अध्यक्षता भी करेंगे। मंत्री गोयल की लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री जेवियर बेतल के साथ द्विपक्षीय बैठक की भी योजना है, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।
यह दौरा भारत और जर्मनी के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।



