PM किसान योजना में बड़ा बदलाव: 60 हजार किसानों को नहीं मिली किस्त, रोहित पवार का सरकार पर तीखा हमला
Big change in PM Kisan Yojana: 60 thousand farmers did not get installment, Rohit Pawar's sharp attack on the government
मुंबई/प्रतिनिधि: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत केंद्र सरकार द्वारा किए गए नए बदलाव से महाराष्ट्र के करीब 60 हजार किसानों को बड़ा झटका लगा है। अब तक पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग लाभ मिल रहा था, लेकिन नए नियम के तहत यदि पति-पत्नी दोनों के नाम पर खेती की जमीन है, तो केवल एक ही सदस्य को योजना का लाभ मिलेगा और वो भी महिला सदस्य को। इस कारण हजारों पुरुष किसानों को योजना की 20वीं किस्त नहीं मिली है।
इस बदलाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक रोहित पवार ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सरकार का यह फैसला अजीब और अन्यायपूर्ण है। पवार ने सवाल उठाया कि जब प्राकृतिक आपदा आती है, तो उसका असर पूरे किसान परिवार पर होता है, फिर योजना का लाभ सिर्फ एक को क्यों?
पवार ने तंज कसते हुए कहा कि पहले ‘लाडकी बहन’ योजना के नाम पर कई महिलाएं योजनाओं से वंचित कर दी गईं और अब ‘लाडके भाई’ यानी पुरुष किसानों को पीएम किसान योजना से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी में छूट देकर सरकार वाहवाही लूटना चाहती है, लेकिन दो दिन बाद ही किसानों की आर्थिक मदद बंद कर दी जाती है। क्या यही नीति है जिससे किसान सशक्त होंगे?
इस निर्णय की वजह से राज्य के करीब 60 हजार किसानों के बैंक खातों में इस बार पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त नहीं पहुंची। टैक्निकल नियमों और ‘एक परिवार, एक लाभार्थी’ की नीति के नाम पर उन्हें बाहर कर दिया गया है। सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि पति-पत्नी में से केवल एक को ही लाभ दिया जाएगा ताकि लाभार्थियों की संख्या नियंत्रित की जा सके।
रोहित पवार ने केंद्र सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने की बजाय सरकार उनके मौजूदा लाभ भी छीन रही है। यह पूरी तरह से गलत नीति है, जिससे किसान और ज्यादा संकट में आ जाएंगे।




