Airoplane Crash : विमान हादसे में सब कुछ जलकर राख, लेकिन बच गई भगवद्गीता, लोग क्यों मान रहे चमत्कार
Everything was burnt to ashes in a horrific plane crash, but Bhagavad Gita remained completely safe! This incident is nothing less than a miracle
गांधीनगर/अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस भीषण दुर्घटना में कुल 265 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हादसे में मारे गए लोगों में 229 यात्री, 12 क्रू मेंबर्स, और 24 मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के छात्र शामिल हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई शवों की पहचान तक संभव नहीं हो पा रही है। विमान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, और घटनास्थल पर सिर्फ मलबा, राख और जले हुए अवशेष बचे हैं।
भीषण आग में सब कुछ राख, लेकिन भगवद्गीता रही पूरी तरह सुरक्षित
जहां इस हादसे में हर तरफ तबाही का मंजर था, वहीं एक अविश्वसनीय घटना सबका ध्यान खींच रही है। राहत और बचाव कार्य के दौरान घटनास्थल से एक भगवद्गीता की प्रति बरामद हुई है, जो जैसी की तैसी, बिना किसी क्षति के सुरक्षित मिली है। बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे विमान में लगी भीषण आग के बीच, जहां धातु, सीटें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और यहां तक कि लोगों के पहचान पत्र तक जलकर नष्ट हो गए, वहीं भगवद्गीता का एक भी पन्ना तक झुलसा नहीं। यह दृश्य इतना अचंभित करने वाला था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग इसे ईश्वरीय चमत्कार मानने लगे। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति दुर्घटनास्थल के मलबे से मिली भगवद्गीता को दिखा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किताब के पन्ने भी बिल्कुल साफ और सलामत हैं। लोग इसे आस्था और शक्ति का प्रतीक मानकर श्रद्धा से देख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह विमान दोपहर 1:47 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ा था। लेकिन उड़ान भरने के महज तीन मिनट के अंदर, यह विमान मेघानी नगर स्थित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर आकर गिरा। टक्कर के बाद भयानक विस्फोट हुआ और आग की लपटों ने पूरे इलाके को घेर लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हुई मृत्यु
इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे, जो एक निजी कार्यक्रम के लिए दिल्ली जा रहे थे। अफसोस की बात यह है कि इस भीषण हादसे में उनका भी निधन हो गया है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शोक की लहर फैल गई है। घटनास्थल पर मौजूद कई लोगों का कहना है कि इतने भीषण हादसे में भगवद्गीता का सुरक्षित रहना महज संयोग नहीं हो सकता। कईयों ने कहा कि यह ईश्वर का संकेत है कि आस्था और धर्म का बल असीम होता है। राहत कार्य में लगे एक स्वयंसेवक ने कहा, “हमने सब कुछ राख होते देखा, लेकिन जब भगवद्गीता को मलबे से निकाला तो आंखें भर आईं। ये चमत्कार नहीं तो और क्या है?”
अब जांच एजेंसियों के सामने हैं दो बड़े सवाल:
- इतना भीषण हादसा कैसे हुआ और किस कारण से हुआ?
- क्या ब्लैक बॉक्स से हादसे की पूरी जानकारी मिल सकेगी?
यह हादसा निश्चित रूप से एक राष्ट्रीय त्रासदी है। जहां एक ओर 265 लोगों की जान चली गई, वहीं भगवद्गीता का इस विनाश से बच जाना एक ऐसी घटना बन गई है, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है।
यह सिर्फ एक किताब नहीं, आस्था की शक्ति और चमत्कार का प्रतीक बन गई है।




