अयोध्या में 11 जनवरी को विशेष अनुष्ठान: प्रतिष्ठा द्वादशी पर 11 बजे 11 मिनट होगा रामलला का अभिषेक
Ayodhya Ram Mandir: Ramlala Pran Pratishtha First Anniversary

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ को लेकर भव्य तैयारियां चल रही है. 11 जनवरी को प्रतिष्ठा द्वादशी मनाई जा रही है इस अवसर पर 11 से 13 जनवरी तक प्रतिष्ठा द्वादशी का आयोजन किया जाएगा. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. 22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम के बाल रूप में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी. भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या धाम में मंदिर की स्थापना का एक साल पौष शुक्ल पक्ष, द्वादशी, विक्रम संवत, 2001 तद्नुसार 11 जनवरी को संपन्न होगा. इस मौके पर 11 जनवरी को गर्भगृह में सुबह 10 बजे से पूजन कार्यक्रम शुरू होगा.
मुख्यमंत्री योगी होंगे यजमान, दिग्गज कलाकार सुनाएंगे सोहर
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि 11 जनवरी से तीन दिवसीय प्रतिष्ठा द्वादशी काा आयोजन किया जाएगा. सीएम योगी आदित्यनाथ 11 जनवरी को सुबह 11 बजे गर्भगृह में रामलला का अभिषेक करेंगे. इसके बाद सीएम योगी अंगद टीला पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दिन सोनू निगम, शंकर महादेवन और मालिनी अवस्थी समेत कई दिग्गज कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा इस दिन टाइम्स म्यूजिक व ट्रस्ट के संयोजन में कंपोज किया गया एक भजन भी ऑनलाइन रिलीज किया जाएगा. 12 जनवरी को प्रसिद्ध लोकगायिका शैलेश श्रीवास्तव बधावा और सोहर की प्रस्तुति देंगी. इसके बाद प्रख्यात शास्त्रीय गायिका कलापिनी कोमकली श्रीराम भजन व निर्गुण गायन से राग-सेवा प्रस्तुत करेंगी. 13 जनवरी को राग सेवा का आरंभ आरती अंकलिकर के शास्त्रीय गायन से होगा. इसके बाद प्रख्यात कथक नृत्यांगना शोभना नारायण की कथक प्रस्तुति होगी.



