कथेड Hospital पर BJP का हमला, 120 करोड़ के बावजूद Construction अधूरा!
BJP attacks over Kathed Hospital; construction remains incomplete despite an expenditure of 120 crore!

हिमाचल प्रदेश, सोलन: सोलन के कथेड में निर्माणाधीन बहुआयामी अस्पताल को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने अस्पताल निर्माण में हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोलन से भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार की ओर से अस्पताल निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद प्रदेश सरकार अपने हिस्से की 10 प्रतिशत राशि खर्च करने में देरी कर रही है। इसी लापरवाही के चलते अस्पताल का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है। डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि इस अस्पताल का निर्माण चार साल पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था। परियोजना की कुल लागत का 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार की ओर से दिया गया है, जबकि शेष 10 प्रतिशत राशि प्रदेश सरकार को वहन करनी है। इसके बावजूद राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी समय पर पूरी नहीं कर पा रही है, जिससे क्षेत्र की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सीजेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के लिए आठ MRI मशीनें स्वीकृत की हैं। इनमें से एक MRI मशीन कथेड के बहुआयामी अस्पताल में स्थापित की जानी है। लेकिन डॉ. कश्यप का आरोप है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल में MRI मशीन लगाने के लिए आवश्यक बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था तक नहीं करवा पाए हैं। भाजपा नेता ने इसे प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति गंभीर उदासीनता बताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की केंद्रीय सहायता मिलने के बावजूद परियोजना का पूरा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि अस्पताल निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए तत्काल एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की जाए और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाया जाए।
कथेड का बहुआयामी अस्पताल सोलन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद है। लेकिन निर्माण में हो रही देरी और MRI मशीन की स्थापना के लिए जरूरी सुविधाओं का अभाव कई सवाल खड़े कर रहा है। अब जरूरत है कि प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग आपसी जिम्मेदारी तय करते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि करोड़ों रुपये की यह परियोजना जल्द जनता को समर्पित हो सके।



