मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को मेधावी विद्यार्थियों को देंगे ई-स्कूटी की सौगात
Chief Minister Dr. Mohan Yadav will gift e-Scooty to meritorious students on September 16

मध्यप्रदेश,भोपाल: मध्य प्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रदेश सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। राज्य स्तरीय ई-स्कूटी वितरण कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी उच्च शिक्षा की राह आसान बनाना है।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया हो। स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस योजना में शामिल किया गया है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को लाभ दिया जा रहा है।
- पात्रता: सरकारी स्कूलों के 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राएं।
- विकल्प: स्टूडेंट्स के पास पेट्रोल या ई-स्कूटी में से किसी एक को चुनने का मौका होगा।
- लाभार्थियों की संख्या: इस बार 7,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार का मानना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा। साथ ही, ई-स्कूटी की सुविधा विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में भी मदद करेगी।



