Trending

हरिद्वार में सड़क हादसों के घायलों के लिए पीएम राहत योजना,डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज

PM Rahat Yojana for road accident victims in Haridwar,cashless treatment up to one and a half lakh.

हरिद्वार: सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और उनकी जान बचाने के उद्देश्य से पीएम राहत योजना के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हरिद्वार में परिवहन विभाग की ओर से लोगों को इस योजना के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारी कार्यालय परिसर में आने वाले लोगों से संवाद कर उन्हें योजना की जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को बताया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करना कितना महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों के अनुसार, सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में होने वाली देरी को रोकना और दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि घायल व्यक्ति को दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर उचित चिकित्सा उपचार मिल जाए, तो उसकी जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। ऐसे में आम लोगों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है।

परिवहन विभाग द्वारा जागरूकता बढ़ाने के लिए होर्डिंग, पेंटिंग और अन्य प्रचार माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को देखकर केवल तमाशबीन न बनें, बल्कि उसकी मदद के लिए तुरंत आगे आएं और उसे नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करें।

विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है। दुर्घटना के समय आम नागरिकों की तत्परता और संवेदनशीलता किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य से पीएम राहत योजना को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker