Trending
कान्हा टाइगर रिजर्व में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस,7 वन शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
National Forest Martyrs Day observed at Kanha Tiger Reserve; tribute paid to seven forest martyrs.


मंडला: कान्हा टाइगर रिजर्व में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वनकर्मियों को अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीद वनकर्मियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद किया गया। कान्हा टाइगर रिजर्व में अब तक 7 वन शहीद हो चुके हैं। इनमें वनरक्षक, स्थायीकर्मी और अग्नि सुरक्षा श्रमिक शामिल हैं, जिन्होंने जंगल और वन्यजीवों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर पर स्वर्गीय लखन सिंह मरावी के आश्रित परिवार को ‘कान्हा परिवार’ की ओर से 1 लाख 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वहीं, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परिवार को सम्मानित करने के साथ अनुग्रह राशि भी प्रदान की गई।
मध्यप्रदेश में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के दौरान अब तक 62 वन शहीद हुए हैं। इन वनकर्मियों का बलिदान वन और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और वनकर्मियों ने जंगल, वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा के लिए अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय वन शहीद दिवस उन वनकर्मियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने प्रकृति और वन्यजीवों की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। कान्हा में दी गई श्रद्धांजलि ने उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ वन संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।