छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, कई जिलों में रेड अलर्ट
Heavy Rain in Chhattisgarh; Red Alert Issued for Several Districts
छत्तीसगढ़/प्रतिनिधी : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने बीजापुर, राजनांदगांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कांकेर जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों के साथ-साथ महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी और दुर्ग सहित कई क्षेत्रों में नदियां और नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। अनेक पुल-पुलिया पानी में डूब गए हैं, जिससे कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों को तैनात कर दिया है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़िए : श्रावण की शुरुआत,शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा आरंभ
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। अधिकारियों द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।



