श्रावण की शुरुआत,शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा आरंभ
Onset of Shravan: Kanwar Yatra by Shiva Devotees Begins
विशेष/प्रतिनिधी : श्रावण माह की पवित्र कांवड़ यात्रा आज से पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शुरू हो गई है। देशभर से लाखों शिवभक्त उत्तराखंड के हरिद्वार, गौमुख और गंगोत्री जैसे पवित्र तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को देखते हुए कई जिलों में यातायात मार्गों में बदलाव किया गया है। लखनऊ की पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीना त्यागी ने बताया कि एक महीने तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एनसीआरटीसी ने कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नमो भारत ट्रेन सेवाओं के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़िए : भारत के निर्यात तंत्र को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गोरखपुर से दो विशेष श्रावण मेला ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। अयोध्या में प्रशासन ने राम की पैड़ी और नया घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए छायादार कतारें, ग्लूकोज, ओआरएस वितरण तथा पुष्प वर्षा जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।



