मलशेज घाट हाईवे धंसा, प्रशासन ने जारी किया डायवर्जन
Malshej Ghat Highway Caves In; Administration Issues Diversion
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : कल्याण-मलशेज घाट राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-61) पर करंजले गांव के समीप सड़क धंसने की घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से यातायात और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र डूडी ने आदेश जारी कर मलशेज घाट मार्ग से अहिल्यानगर, पुणे और मुंबई की ओर जाने वाले सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने ट्रैफिक को अलेफाटा–नारायणगांव–खेड़–चाकन–तलेगांव (एमआईडीसी)–लोनावला–खोपोली–मुंबई मार्ग पर डायवर्ट किया है।
यह भी पढ़िए : महाराष्ट्र में बाढ़ समाधान की ओर बड़ा कदम, ₹3200 करोड़ योजना
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त करें और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें। मौके पर पुलिस और यातायात विभाग की टीमें तैनात हैं, जो ट्रैफिक को सुचारु रूप से संचालित करने में जुटी हैं। सड़क की मरम्मत और सुरक्षा का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने तक मलशेज घाट मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।



