कल्याण जिला जेल में वृक्षारोपण का महाअभियान
Massive Tree Plantation Drive at Kalyan District Jail
कल्याण/सान्वी देशपांडे : पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से कल्याण स्थित आधारवाड़ी जिला जेल में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जेल परिसर में लगभग 3,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान में जेल प्रशासन, पुलिस अधिकारी, जेल कर्मचारी और कैदी मिलकर श्रमदान के माध्यम से पौधे लगा रहे हैं। बदलापुर के सोशल फॉरेस्ट्री विभाग ने इस पहल के लिए 2,700 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इनमें बांस, करंज, इमली, काजू, अप्टा, आंवला, कंचन, आम, जामुन और सोनचाफा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। अब तक सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं और शेष पौधों का रोपण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
यह भी पढ़िए : मलशेज घाट हाईवे धंसा, प्रशासन ने जारी किया डायवर्जन
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक, कारागार एवं सुधार सेवा डॉ. सुहास वारके की प्रेरणा तथा विशेष महानिरीक्षक कारागार एवं उपमहानिरीक्षक (दक्षिण क्षेत्र) योगेश देसाई के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। जेल अधीक्षक एच. एस. मिंड के नेतृत्व में अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है। जेल प्रशासन का उद्देश्य परिसर को हरा-भरा बनाना, प्राकृतिक हरित सुरक्षा दीवार तैयार करना तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देना है। इस अभियान में जेल अधिकारियों, कर्मचारियों और कैदियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय मानी जा रही है।



