संसद परिसर में NDA की अहम बैठक, रणनीति पर मंथन
Key NDA Meeting in Parliament Complex; Strategy Deliberations Underway
दिल्ली/प्रतिनिधी : संसद के मॉनसून सत्र के बीच मंगलवार को संसद भवन परिसर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य NDA के सभी घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और संगठनात्मक एकजुटता को और मजबूत करना है। बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के NDA से जुड़े सभी सांसदों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा तथा गठबंधन के विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। सूत्रों के अनुसार, संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सरकार के विधेयकों पर साझा रणनीति, सदन में प्रभावी समन्वय और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
यह भी पढ़िए : लोकसभा-राज्यसभा में आज तीन अहम विधेयकों पर चर्चा
बैठक की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर NDA का समर्थन करने वाले कुछ सांसद पहली बार इस कार्यक्रम में शामिल हुए। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी संसदीय कार्यवाही को सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए यह बैठक NDA की रणनीतिक तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है।



