यवतमाल बना महाराष्ट्र का नंबर-1 रोड सेफ्टी जिला
Yavatmal Becomes Maharashtra's Top Road Safety District
यवतमाळ/प्रतिनिधि : यवतमाळ जिले ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए महाराष्ट्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी जनवरी से जून 2026 के तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से जून 2025 के दौरान जिले में 467 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 265 लोगों की मौत और 326 लोग घायल हुए थे। वहीं, वर्ष 2026 की इसी अवधि में दुर्घटनाओं की संख्या घटकर 367, मृतकों की संख्या 212 और घायलों की संख्या 229 रह गई। इस प्रकार दुर्घटनाओं में 21 प्रतिशत, मौतों में 20 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
यह भी पढ़िए : ‘ज्ञानोबा माऊली’ के जयघोष में ज्ञानेश्वर महाराज की पालकी का प्रस्थान
इस सफलता का श्रेय तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों को दिया जा रहा है। दुर्घटना संभावित स्थलों पर रिफ्लेक्टिव बोर्ड, रोड मार्किंग, कैट्स आई सहित कई सुरक्षा उपाय भी किए गए। पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता के मार्गदर्शन में बस, ट्रक, लॉरी, निजी यात्री वाहन और ऑटो चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, गति सीमा का पालन और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की अपील की।



