सारण में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज
International Football Tournament Kicks Off in Saran
विशेष/प्रतिनिधि : सारण खेल महोत्सव के अंतर्गत राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हुआ। करीब 20 वर्षों बाद सारण में इस स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होने से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उद्घाटन मुकाबला नेपाल और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें समाचार लिखे जाने तक दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकी थीं।
यह भी पढ़िएः आतंकवाद पर भारत और मोरक्को की साझा रणनीति
प्रतियोगिता में नेपाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कोलकाता समेत देश के विभिन्न राज्यों की कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। सारण फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव पीकू राय ने बताया कि यह आयोजन जिले के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में नेपाल के खिलाड़ियों के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी भी विभिन्न टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 24 जून को खेला जाएगा।



