CIDCO के VC & MD बने IAS अश्विन मुद्गल
IAS Officer Ashwin Mudgal Takes Charge as VC & MD of CIDCO
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी अश्विन मुद्गल ने बुधवार को सिडको (CIDCO) के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर (VC & MD) का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सीबीडी बेलापुर स्थित सिडको भवन में अपना कार्यभार संभाला, जो सिडको का मुख्यालय है।

सिडको में नियुक्ति से पहले अश्विन मुद्गल मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) में अतिरिक्त महानगर आयुक्त (Additional Metropolitan Commissioner) के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी मुद्गल ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत नासिक जिले में सहायक जिला कलेक्टर के रूप में की थी। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने पंढरपुर-सोलापुर के उप जिला मजिस्ट्रेट, सांगली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सतारा और यवतमाल के जिला कलेक्टर, नागपुर महानगरपालिका के आयुक्त, नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा नागपुर के अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। अश्विन मुद्गल वाणिज्य (कॉमर्स) विषय से स्नातक हैं।
यह भी पढ़िएः कोंकण की विरासत बचाने को IITM संग हुआ MoU
मुद्गल की नियुक्ति से सिडको की विभिन्न आधारभूत संरचना, आवास एवं शहरी विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि सिडको देश की अग्रणी नियोजन एवं विकास संस्थाओं में से एक है और इसके विभिन्न महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट महाराष्ट्र तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिडको द्वारा संचालित सभी प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।



