19वां MIFF 2026 का मुंबई में भव्य शुभारंभ
19th International Film Festival Kicks Off in Mumbai
मुंबई/प्रतिनिधि : भारत के प्रमुख वृत्तचित्र, लघु कथा और एनीमेशन फिल्म महोत्सव मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) 2026 के 19वें संस्करण का सोमवार शाम दादर स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में भव्य शुभारंभ हुआ। सात दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सिनेमाई उत्कृष्टता, सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मक नवाचार का उत्सव मनाया जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री L. Murugan ने महोत्सव का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश वैश्विक स्तर पर कहानी कहने तथा कंटेंट निर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भारत का मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग 9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
यह भी पढ़िएः भारत को UNSC स्थायी सदस्य बनाने की मांग तेज
महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री Ashish Shelar ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने मुंबई में भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और शहर को वैश्विक मीडिया हब बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में अभिनेता Jaideep Ahlawat को भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महोत्सव की उद्घाटन फिल्मों ‘अगापितो’ और ‘टाइम एंड वॉटर’ से जुड़े कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
इस वर्ष महोत्सव में भारत सहित 46 देशों से 1,459 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। 42 से अधिक भारतीय और 30 से अधिक विदेशी भाषाओं की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ‘मराठी फिल्म्स’ और ‘इकोज़ फ्रॉम नॉर्थ ईस्ट’ नामक दो नए विशेष खंड भी शामिल किए गए हैं।



